11 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में बिजली पावर सप्लाई तार चोरी के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 04 बंडल बिजली तार और वारदात में प्रयुक्त ओमनी कार क्रमांक CG 10 FA 2456 बरामद की गई है। पुलिस जांच में आरोपियों के खिलाफ अन्य थाना क्षेत्रों में भी कई आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, तिफरा सेक्टर-डी में सड़क लाइट के लिए विद्युत पोल खड़े कर करीब 1 किलोमीटर लंबा बिजली तार बिछाया गया था। वर्तमान में यहां पावर सप्लाई बंद थी। इसी का फायदा उठाकर 9-10 अगस्त की दरमियानी रात अज्ञात चोर करीब 45 हजार रुपये कीमत का बिजली तार चोरी कर ले गए।
शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने अपराध क्रमांक 571/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और तकनीकी साक्ष्यों के साथ संदिग्धों से पूछताछ शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके आरोपियों से भी बारीकी से पूछताछ की। इसी दौरान संदेह के आधार पर नीतेश पण्डित (22), राजेश राय उर्फ रात्रे (32), विकास साण्डे (22) और श्रीजीत जोशी (30) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चारों ने बिजली तार चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 04 बंडल बिजली तार बरामद किए। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल की गई ओमनी कार CG 10 FA 2456 भी जब्त की गई है।
पुलिस जांच में आरोपियों के खिलाफ अकलतरा, मस्तूरी, मुलमुला और जांजगीर-चांपा थाना क्षेत्रों में भी अन्य अपराध दर्ज होना सामने आया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कर दिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
नीतेश पण्डित, उम्र 22 वर्ष, निवासी अमोरा, थाना मुलमुला
राजेश राय उर्फ रात्रे, उम्र 32 वर्ष, निवासी मुरलीडीह, थाना मुलमुला
विकास साण्डे, उम्र 22 वर्ष, निवासी मुरलीडीह, थाना मुलमुला
श्रीजीत जोशी, उम्र 30 वर्ष, निवासी विद्युत नगर तिफरा, थाना सिरगिट्टी
बरामदगी: 04 बंडल बिजली तार एवं घटना में प्रयुक्त ओमनी कार।
