11 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़। रथ मेले की भीड़ के बीच पुरानी रंजिश को लेकर 17 वर्षीय किशोर पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों ने किशोर के साथ पहले गाली-गलौज की और फिर लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। इसी दौरान एक आरोपी ने स्टील के कड़े से किशोर के सिर पर वार कर गंभीर चोट पहुंचाई। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे किशोर के भाई और दोस्तों के साथ भी मारपीट की गई।
मामला थाना धरमजयगढ़ अंतर्गत पुलिस चौकी रैरूमाखुर्द क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई की रात ग्राम धौराभाठा बरपाली में रथ मेला लगा था। 17 वर्षीय किशोर अपने भाई और दोस्तों के साथ मेला देखने पहुंचा था। रात करीब 9 बजे नंद कुमार राठिया की दुकान के पास उसकी मुलाकात सुनिल, पिन्टु, मदन समेत अन्य लोगों से हुई।
बताया गया कि आरोपियों की किशोर से पहले शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था। इसी पुरानी रंजिश को लेकर मेले में आरोपियों ने किशोर को घेर लिया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान सुनिल मांझी ने स्टील के कड़े से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे किशोर के सिर में गंभीर चोट आई।
घटना की रिपोर्ट पर चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध क्रमांक 209/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। चिकित्सकीय परीक्षण में सिर पर चोट पाए जाने के बाद पुलिस ने प्रकरण में आवश्यक धाराएं जोड़ीं।
चौकी प्रभारी उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस ने आरोपियों के गांव में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी सुनिल मांझी ने घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का कड़ा पुलिस के समक्ष पेश किया, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद सुनिल मांझी (21), पिन्टु उर्फ राहुल राठिया (21) और मदन राठिया (20) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी पिन्टु उर्फ राहुल राठिया का पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
