11 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। पुलिस बल पर हमला, लूटपाट, आगजनी, बलवा और शासकीय कार्य में बाधा जैसे गंभीर मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी अनिल बेहरा को तमनार पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। मामले में अब तक 29 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से लिबरा स्थित सीएचपी चौक पर धरना-प्रदर्शन और आर्थिक नाकेबंदी चल रही थी। 27 दिसंबर 2025 को कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान आंदोलन अचानक हिंसक हो गया। पुलिस के अनुसार, राजेश मरकाम, अनिल बेहरा, रूपेश पटेल, संदीप प्रधान सहित अन्य लोगों ने आंदोलनकारियों को उकसाते हुए पुलिस बल पर लाठी, डंडे, टांगी और पत्थरों से हमला किया।
हिंसक भीड़ ने पुलिस दल को घेरकर पथराव किया। इस दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस के शासकीय वॉकी-टॉकी और मोबाइल फोन लूट लिए, जबकि सड़क किनारे खड़े पुलिस एवं प्रशासनिक वाहनों में तोड़फोड़ कर आगजनी की गई। प्लांट परिसर में भी तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी।
पूरे मामले में थाना तमनार में अलग-अलग शिकायतों के आधार पर 16 अपराध दर्ज किए गए हैं। इन्हीं मामलों में अनिल बेहरा नामजद आरोपी था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
10 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि अनिल बेहरा अपने गांव लिबरा पहुंचा है। सूचना मिलते ही तमनार और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने गांव में घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक विवेचना में आरोपी की हिंसक घटना में भूमिका सामने आने पर प्रकरण में धारा 49 बीएनएस और धारा 25 आर्म्स एक्ट भी जोड़ी गई है। गिरफ्तार आरोपी अनिल बेहरा पिता प्रेमसागर बेहरा, उम्र 37 वर्ष, निवासी लिबरा को न्यायालय के आदेश पर न्यायिक रिमांड में भेज दिया गया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी एवं डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव और पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रायगढ़ पुलिस का “ऑपरेशन क्लीन हंट” गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने और हिंसक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त एवं निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और गंभीर अपराधों में फरार आरोपियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। फरार आरोपियों की लगातार पतासाजी कर उन्हें कानून के दायरे में लाया जा रहा है।
