11 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। शहर में चाकूबाजी की वारदातों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। तोरवा थाना क्षेत्र के बूटापारा में एक बुजुर्ग पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल बुजुर्ग की पहचान कन्हैया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि किसी हमलावर ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही वार्ड क्रमांक 43 के पार्षद मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाने में मदद की। पार्षद घायल के पड़ोसी को भी अपने साथ लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

एक ही दिन में दो चाकूबाजी की घटनाओं से बढ़ी चिंता
तोरवा थाना क्षेत्र में एक ही दिन में चाकूबाजी की दो घटनाओं की जानकारी सामने आने से क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों की चिंता बढ़ गई है। लगातार सामने आ रही ऐसी वारदातों ने पुलिस की गश्त और बदमाशों में कानून के खौफ को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

फिलहाल बुजुर्ग पर हमला किस वजह से किया गया, हमलावर कौन था और वारदात के पीछे क्या विवाद था, इसकी तस्वीर साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हमलावर की पहचान एवं घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस की आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद मामले में और तथ्य स्पष्ट होने की उम्मीद है।
