10 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। तोरवा थाना क्षेत्र के देवरीखुर्द स्थित शराब दुकान परिसर में सोमवार शाम एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। मृतक की पहचान शिवनंदन साहू (56 वर्ष), पिता शंभू साहू, निवासी देवरीखुर्द के रूप में हुई है। शिवनंदन साहू ऑटो चलाने का काम करता था।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5 बजे शिवनंदन साहू अपना ऑटो शराब दुकान परिसर में खड़ा कर वहां शराब पीने बैठा था। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने उस पर धारदार हथियार से गले पर हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया।

धारदार हथियार के हमले में गंभीर रूप से घायल शिवनंदन साहू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर तोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच कार्रवाई में लिया है। फिलहाल हत्या के कारणों और आरोपी की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है।
