10 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्ती तेज कर दी है। जनवरी 2026 से अब तक महज 7 महीनों में शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 2459 चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। सभी प्रकरण न्यायालय भेजे गए, जहां आरोपियों पर अर्थदंड लगाया गया।
सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच हादसों की संख्या अधिक सामने आने के बाद यातायात पुलिस ने इस समयावधि में विशेष शामकालीन जांच अभियान को और तेज कर दिया है।
1379 वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित
यातायात नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अब केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित न रहकर लाइसेंस निलंबन और निरस्तीकरण की कार्रवाई भी की जा रही है। यातायात पुलिस के अनुसार, सात माह में 1379 वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए जा चुके हैं।
पुलिस द्वारा शराब के नशे में वाहन चलाने के अलावा रॉन्ग साइड ड्राइविंग, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए वाहन चलाना, रेड लाइट का उल्लंघन, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना जैसे मामलों में भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा रही है।
इन लापरवाहियों पर भी कड़ी नजर:यातायात पुलिस लगातार बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाने, ट्रिपल सवारी, गलत नंबर प्लेट, गलत दिशा में वाहन चलाने, खतरनाक तरीके से वाहन चलाने, स्टंटबाजी, वाहन में हुड़दंग, हूटर एवं प्रेशर हॉर्न, मॉडिफाइड साइलेंसर तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई कर रही है।
आईटीएमएस के माध्यम से भी नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ ऑनलाइन चालान जारी किए जा रहे हैं।
शाम 6 से रात 12 बजे तक विशेष अभियान:यातायात पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं के समय और कारणों का विश्लेषण करते हुए शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच विशेष चेकिंग अभियान को प्राथमिकता दी है। शहर के विभिन्न स्थानों पर स्टॉपर और चेकिंग प्वाइंट लगाकर तेज रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस के मुताबिक तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना तथा शराब या अन्य नशे का सेवन कर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में शामिल हैं। वहीं, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना हादसे की स्थिति में जान जाने का बड़ा कारण बनता है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय धैर्य, संयम और सतर्कता बरतें। हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
