10 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बेमेतरा विशेष
बेमेतरा, 10 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन में बेमेतरा जिले में सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए “हमर पुलिस हमर बजार” और “हमर पुलिस हमर गांव” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत पुलिस अधिकारी और जवान गांवों, हाट-बाजारों, स्कूल-कॉलेजों तथा सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद कर रहे हैं और उन्हें अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
इसी क्रम में चंदनू थाना पुलिस ने ग्राम झिरिया के साप्ताहिक हाट-बाजार में चौपाल लगाकर ग्रामीणों को साइबर अपराध, चिटफंड, फर्जी कॉल, ऑनलाइन ठगी, नशे के दुष्परिणाम और यातायात नियमों की जानकारी दी।
पुलिस ने ग्रामीणों को समझाया कि आधार कार्ड, बैंक खाता, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी, पिन, ओटीपी और पासवर्ड जैसी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। बैंक अधिकारी बनकर फोन करने वाले ठगों से सावधान रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल पर सीधे संबंधित बैंक से संपर्क करने की सलाह दी गई।
साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
नशे से दूर रहने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील
पुलिस ने ग्रामीणों को बताया कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और समाज को भी गंभीर नुकसान पहुंचाता है। ग्रामीणों से नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की गई। वहीं सड़क सुरक्षा को लेकर हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए भी प्रेरित किया गया।
बाहरी व्यक्तियों की जानकारी पुलिस को देने की अपील
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी बाहरी व्यक्ति को किराए पर मकान देने से पहले उसकी जानकारी संबंधित थाना में दर्ज कराएं। गांव या क्षेत्र में रहने वाले किसी संदिग्ध अथवा अपरिचित व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
पुलिस ने विशेष रूप से अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों तथा संदिग्ध घुसपैठ की जानकारी तत्काल पुलिस तक पहुंचाने की अपील की। इसके लिए टोल-फ्री नंबर 18002331905 पर सूचना देने की जानकारी दी गई।
इस दौरान थाना प्रभारी चंदनू उप निरीक्षक द्वारिका प्रसाद देशलहरे, प्रधान आरक्षक विक्रम सिंह, रघुनाथ नेताम, आरक्षक निरंजन वैष्णव, भूषण राजपूत सहित पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
बेमेतरा पुलिस द्वारा “हमर पुलिस हमर बजार” और “हमर पुलिस हमर गांव” अभियान के माध्यम से लगातार गांव-गांव, हाट-बाजार, स्कूल-कॉलेज, सामाजिक संगठनों, विभागों और आवासीय क्षेत्रों में पहुंचकर आमजन को जागरूक किया जा रहा है।
