10 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बिलासपुर पुलिस ने जिलेभर में एक साथ व्यापक कॉम्बिंग गश्त और सघन चेकिंग अभियान चलाकर वारंटियों, फरार आरोपियों और आदतन अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान पुलिस ने 28 स्थाई वारंट और 98 गिरफ्तारी वारंट सहित कुल 126 वारंटों की तामिली की।

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी। लंबे समय से फरार चल रहे 5 आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रभावी दबिश कार्रवाई की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य फरार आरोपियों और वारंटियों की धरपकड़ के साथ-साथ आदतन अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना रहा।

पुलिस ने निगरानी सूची में शामिल 43 गुंडा-बदमाशों की चेकिंग की, जिनमें से 13 के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। वहीं संपत्ति संबंधी अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों और चाकूबाजों के खिलाफ भी सघन कार्रवाई की गई। इस दौरान 5 की चेकिंग और 25 के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मचा रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि वारंटियों, फरार आरोपियों, निगरानी बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

बिलासपुर पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपराध से दूर रहें। आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति, फरार आरोपी या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त और निरंतर वैधानिक कार्रवाई करेगी।
