10 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। जनसंघ से जुड़े पिता की राजनीतिक विरासत से प्रेरणा लेकर एक छोटे कार्यकर्ता के रूप में संगठन की राह पकड़ने वाले भूपेंद्र सवन्नी ने वार्ड अध्यक्ष से लेकर भाजपा के प्रदेश महामंत्री और अब क्रेडा अध्यक्ष तक का लंबा राजनीतिक सफर तय किया है। रविवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के पारंपरिक कार्यक्रम ‘पहुना’ में पहुंचे सवन्नी ने विद्यार्थी जीवन से शुरू हुई अपनी राजनीतिक यात्रा, संगठन में मिले दायित्वों, संघर्षों और बदलते राजनीतिक दौर के अनुभवों को बेबाकी से साझा किया।

सवन्नी ने कहा कि राजनीति में आगे बढ़ने की इच्छा हर व्यक्ति के भीतर होती है, लेकिन व्यक्ति की भूमिका और जिम्मेदारी का अंतिम निर्धारण संगठन करता है। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत का श्रेय अपने पिता स्वर्गीय इन्द्रसेन सवन्नी को देते हुए कहा कि उनके पिता बिल्हा क्षेत्र में जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में शामिल रहे। पिता की राजनीतिक सक्रियता ने ही उन्हें राजनीति की ओर आकर्षित किया।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1987 में पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने सक्रिय रूप से पार्टी के लिए काम करना शुरू किया। उस दौर में बिल्हा में जनसंघ की ओर से पहली बार एक सरपंच निर्वाचित हुआ था। जीत के बाद निकली विजय रैली ने उन्हें काफी प्रभावित किया और यहीं से एक सामान्य कार्यकर्ता के रूप में संगठन से जुड़ने का सिलसिला शुरू हुआ। विद्यार्थी जीवन में भी चुनावों के दौरान उन्हें एजेंट की जिम्मेदारी मिलती रही।

वार्ड अध्यक्ष से प्रदेश महामंत्री तक बढ़ता गया कद
सवन्नी ने अपने संगठनात्मक सफर का उल्लेख करते हुए बताया कि लगातार सक्रियता के चलते उन्हें पार्टी में अलग-अलग जिम्मेदारियां मिलती गईं। वार्ड अध्यक्ष और नगर अध्यक्ष के बाद वर्ष 1993 में उन्हें बिल्हा युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष बनाया गया।

इसी दौरान बिल्हा विधानसभा से धरमलाल कौशिक को भाजपा प्रत्याशी बनाया गया और सवन्नी को चुनाव संचालन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली। उस चुनाव में भाजपा को करीब 187 मतों से हार मिली। वर्ष 1998 में उन्हें फिर चुनाव संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई। संगठन के प्रति उनकी सक्रियता और कार्यकुशलता को देखते हुए उन्हें भाजपा जिला महामंत्री बनाया गया।
उन्होंने बताया कि उस समय बिलासपुर जिले में नौ विधानसभा सीटें थीं, जिनमें भाजपा ने छह सीटों पर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्हें भाजपा जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली। संगठन में लगातार काम करते हुए वर्ष 2010 में उन्हें जिलाध्यक्ष से प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई। वर्ष 2013 में दोबारा और वर्ष 2020 में तीसरी बार प्रदेश महामंत्री का दायित्व सौंपा गया।

30 लाख सदस्य जोड़ने का मिला लक्ष्य:भाजपा के ऑनलाइन सदस्यता अभियान का जिक्र करते हुए सवन्नी ने बताया कि उन्हें छत्तीसगढ़ में अभियान का प्रभारी बनाया गया था। प्रदेश में 30 लाख नए सदस्यों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया था। इसके बाद उन्हें पार्टी प्रवक्ता की जिम्मेदारी भी मिली।
आगे चलकर हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन का दायित्व संभालते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के शुभारंभ का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नया रायपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में योजना का भव्य शुभारंभ हुआ था।
सवन्नी ने कहा कि वर्ष 2018 से 2023 के बीच प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दौरान बड़ी संख्या में लोगों को आवास नहीं मिल पाने से आमजन में निराशा और अविश्वास की स्थिति बनी। उनके अनुसार, बाद के राजनीतिक परिणामों में इसका असर भी देखने को मिला।

कभी कांग्रेस का गढ़, अब भाजपा का मजबूत किला:अपने राजनीतिक सफर के साथ सवन्नी ने बिल्हा के बदलते राजनीतिक समीकरणों पर भी बात की। उन्होंने कहा कि एक समय बिल्हा को कांग्रेस का गढ़ माना जाता था, लेकिन आज यह भाजपा के मजबूत गढ़ के रूप में पहचान बना चुका है।
वर्तमान में क्रेडा अध्यक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रहे सवन्नी ने कहा कि क्रेडा के माध्यम से प्रदेशभर में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उनका जोर इन योजनाओं को राजनीतिक भावनाओं से ऊपर उठकर आम जनता के हित में प्रभावी ढंग से लागू करने पर है।

‘पिता प्रेरणा रहे, कार्यकर्ता बने राजनीतिक गुरु’:अपने राजनीतिक सफर के सबसे भावनात्मक पहलू का जिक्र करते हुए सवन्नी ने कहा कि उनके पिता उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहे, जबकि पार्टी में काम करने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता और संगठन उनके राजनीतिक गुरु बने। शुरुआती दौर में मिले मार्गदर्शन और संगठन के अनुशासन ने उन्हें लगातार आगे बढ़ने की राह दिखाई।
उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन के उतार-चढ़ाव को याद करते हुए कहा कि संगठन में किसी भी कार्यकर्ता की पहचान उसके पद से नहीं, बल्कि उसके काम और प्रतिबद्धता से बनती है।
प्रेस क्लब में हुआ आत्मीय स्वागत:कार्यक्रम के दौरान बिलासपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष अजित मिश्रा, उपाध्यक्ष विजयक्रांति तिवारी, सचिव संदीप करिहार, कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह और कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर भूपेंद्र सवन्नी का स्वागत किया तथा साल और प्रतीक चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
प्रेसवार्ता के दौरान प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष तिलकराज सलूजा, वरिष्ठ पत्रकार गणेश विश्वकर्मा सहित प्रेस क्लब के सदस्य और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
