10 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बेमेतरा:अपराधों पर लगाम कसने और जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत रखने के लिए पुलिस ने रात के समय निगरानी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले के सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त, संदिग्धों की जांच और सार्वजनिक स्थानों की निगरानी की जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव तथा एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का और एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने 8 अगस्त की रात भीड़भाड़ वाले स्थानों, सार्वजनिक स्थलों, होटल, ढाबों और सुनसान क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की।

चेकिंग के दौरान जमावड़ा लगाकर नशा करने वालों, गुटबाजी और अड्डेबाजी करने वालों तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी गई। पुलिस ने संदिग्ध वाहनों की डिक्की की तलाशी लेने के साथ ही देर रात अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ की।

सार्वजनिक स्थानों, मैदानों, पार्कों, चौक-चौराहों और चार पहिया वाहनों में बैठकर शराब पीने वालों के खिलाफ भी लगातार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का यह सतत निगरानी अभियान अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण के साथ आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

बेमेतरा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर जिले में शांति और सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सके।

सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
