10 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बेमेतरा। ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट के जरिए लोहे का धारदार एवं आरीदार हथियार मंगाकर घर में रखने वाले 19 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से धारदार हथियार बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 8 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम करचुवा निवासी प्रकाश वर्मा पिता लोकसिंह वर्मा अपने घर में धारदार चाकू रखे हुए है। सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव एवं एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई।
चौकी खण्डसरा पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर प्रकाश वर्मा के घर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान आरोपी ने अपने कमरे से लोहे की एक नग धारदार एवं आरीदार वस्तु निकालकर पुलिस के समक्ष पेश की। हथियार रखने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पूछताछ में आरोपी ने उक्त धारदार वस्तु ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट के माध्यम से मंगाना बताया। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया। जांच में आरोपी के खिलाफ धारा 25 आर्म्स एक्ट का अपराध पाए जाने पर उसे 8 अगस्त को विधिवत गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, चौकी प्रभारी खण्डसरा सहायक उपनिरीक्षक कंवल सिंह नेताम, प्रधान आरक्षक रविन्द्र तिवारी, आरक्षक योगेन्द्र सोनी, स्वप्निल पांडेय सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
