07 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बेमेतरा:पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव के मार्गदर्शन में एसडीओपी बेमेतरा भूषण एक्का ने थाना खम्हरिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बेहतर पुलिसिंग, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मालखाना, जब्ती माल, जब्ती रजिस्टर, जरायम रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर, मर्ग रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट, ग्राम अपराध पुस्तिका, फिंगर प्रिंट रजिस्टर सहित थाना एवं चौकी के विभिन्न अभिलेखों और रजिस्टरों की जांच की गई। थाना परिसर की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए।

एसडीओपी ने लंबित अपराध, मर्ग, गुमशुदगी, शिकायत और गिरफ्तारी वारंटों के शीघ्र निराकरण पर जोर देते हुए असामाजिक तत्वों के खिलाफ अधिक से अधिक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई एवं बाउंड ओवर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों तथा शराब पीकर हुड़दंग और मारपीट करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
अवैध कारोबार पर कसा जाएगा शिकंजा:निरीक्षण के दौरान अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं सहित अन्य अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को मजबूत सूचना तंत्र विकसित कर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और बेहतर पुलिसिंग सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।

रात की गश्त और संदिग्धों की जांच होगी तेज:चोरी एवं अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग और कॉम्बिंग गश्त को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए। गश्त के दौरान होटल, लॉज, ढाबा, एटीएम, बैंक, बस स्टैंड, प्रतीक्षालय सहित संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच करने और संदिग्ध व्यक्तियों पर पैनी नजर रखने को कहा गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी रात की गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
गुम बच्चों की तलाश और वारंटियों पर विशेष फोकस:गुम नाबालिग बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी के लिए ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत अभियान चलाने तथा लंबित स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली के लिए ‘ऑपरेशन ईगल’ के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सायबर अपराधों की रोकथाम के लिए सायबर प्रहरी:अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, बीटवार व्हाट्सऐप समूहों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। वहीं सामुदायिक पुलिसिंग के तहत ‘हमर पुलिस हमर बाजार’ और ‘हमर पुलिस हमर गांव’ के माध्यम से बाजारों, गांवों, स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
एसडीओपी ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित साफ-सुथरी वर्दी धारण करने, वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों का समय पर पालन करने तथा थाना पहुंचने वाली महिला आगंतुकों और शिकायतकर्ताओं से संयमित एवं संवेदनशील व्यवहार करते हुए उनकी शिकायतों पर तत्काल उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यप्रकाश उपाध्याय, उप निरीक्षक ओंकार प्रसाद साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरेश सिंह चौहान सहित थाना खम्हरिया के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
