07 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/बेमेतरा विशेष
बेमेतरा:जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने बाहरी व्यक्तियों की निगरानी तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत घुमंतु लोगों, डेरा लगाकर रहने वालों, ठेला-गुमटी संचालकों, फेरी लगाकर कपड़ा बेचने वालों, ईंट भट्ठों में काम करने वाले ठेकेदारों और मजदूरों, बाड़ी एवं फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों, किरायेदारों तथा अन्य मुसाफिरों की जांच की जा रही है।

इसी क्रम में 6 अगस्त को सिटी कोतवाली बेमेतरा की पुलिस टीम ने जिला मुख्यालय में विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की। इस दौरान बाहर से आए लोगों की जानकारी जुटाने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए।

पुलिस ने आम लोगों को भी सतर्क करते हुए अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना जानकारी के शहर में ठहरने न दें। यदि कोई बाहरी व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में कहीं रुका हुआ दिखाई देता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
वहीं, मकान मालिकों को बाहरी व्यक्ति को किराये पर मकान देने से पहले उसकी जानकारी संबंधित थाने में अनिवार्य रूप से दर्ज कराने की हिदायत दी गई है।

पुलिस के अनुसार इस अभियान का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध एवं बाहरी व्यक्तियों की पहचान कर अपराधों की रोकथाम करना और जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाना है। पुलिस ने नागरिकों से अभियान में सहयोग करने की अपील की है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
