07 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:बिल्हा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक और एक अपचारी बालक को पकड़ा है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16.200 लीटर देशी शराब, जिसमें 60 नग देशी प्लेन और 30 नग देशी मसाला शराब शामिल है, बरामद की है। जब्त शराब की कीमत करीब 9 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति स्कूटी क्रमांक सीजी10सीडी 4775 से भारी मात्रा में शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने उड़गन रेलवे फाटक के पास घेराबंदी कर स्कूटी को रोका।
तलाशी के दौरान काले रंग के बैग और स्कूटी की डिक्की से शराब बरामद हुई। मामले में राजेन्द्र यादव (25 वर्ष), निवासी पत्थरखान भाठा, को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके साथ मौजूद अपचारी बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया। दोनों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत कार्रवाई की गई और आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस ने बताया कि अवैध शराब की बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
