07 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। थाना सिरगिट्टी क्षेत्र में सार्वजनिक शांति और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले तत्वों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है। अड्डेबाजी, नशाखोरी और अशांति फैलाने की शिकायतों के बीच पुलिस ने अभियान चलाकर 7 आरोपियों को प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार किया और सभी को कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सिरगिट्टी पुलिस और बीट आरक्षकों ने थाना क्षेत्र के चिन्हांकित अड्डेबाजी वाले स्थानों पर लगातार निगरानी और जांच की। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए सात आरोपियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में त्रिलोक कौशिक उर्फ सोनू कौशिक (26), बुद्धेश्वर धुरी उर्फ कमल (26), रंजीत रात्रे (26), प्रदीप धुरी (19), अमरजीत यादव (24), अमित यादव (32) और अंकित यादव (28) शामिल हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें विधि अनुसार कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशाखोरी, अड्डेबाजी अथवा सार्वजनिक शांति भंग करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
