06 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सिरगिट्टी पुलिस ने चखना दुकान की आड़ में लोगों को शराब पीने की जगह उपलब्ध कराने वाले संचालक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। आरोपी की गतिविधियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 6 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना मिलने पर सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम हरदीकला टोना निवासी सुधीर कौशिक (48 वर्ष) के चखना सेंटर पर दबिश दी गई। जांच के दौरान दुकान में लोगों को शराब पीने की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी। मौके से खाली डिस्पोजल, कुरकुरे के खाली पैकेट, देशी शराब की खाली बोतलें तथा बिक्री से संबंधित 250 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया। मामला जमानती होने के कारण उसे जमानत पर रिहा किया गया, वहीं सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से उसके खिलाफ पृथक प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार भी किया गया।
सिरगिट्टी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और ऐसी गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
