06 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 06 अगस्त 2026। कई वर्षों से फरार चल रहे चिटफंड धोखाधड़ी के आरोपी चैतराम केवट को मल्हार पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी पर प्रदेश के विभिन्न जिलों में चिटफंड और धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं, थाना भानुप्रतापपुर (जिला कांकेर) के एक प्रकरण में उसकी गिरफ्तारी पर ₹5 हजार का इनाम भी घोषित था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के पर्यवेक्षण में फरार आरोपियों की धरपकड़ के अभियान के तहत चौकी मल्हार पुलिस ने यह कार्रवाई की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चैतराम केवट (53 वर्ष), पिता बसंत केवट, निवासी ग्राम मल्हार, चौकी मल्हार, थाना मस्तूरी, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी लोगों को अधिक मुनाफे का लालच देकर बी.एन. गोल्ड कंपनी में निवेश कराने के नाम पर उनकी जमा पूंजी एकत्र करता था और बाद में निवेशकों के साथ धोखाधड़ी कर फरार हो गया था।
आरोपी के खिलाफ थाना सरगांव (मुंगेली), पटेवा (महासमुंद), दरिमा (सरगुजा), तखतपुर (बिलासपुर) सहित प्रदेश के कई थानों में धोखाधड़ी और छत्तीसगढ़ निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम (चिटफंड अधिनियम) के तहत अपराध दर्ज हैं। लंबे समय से फरार रहने के कारण थाना भानुप्रतापपुर, जिला कांकेर के प्रकरण में उस पर ₹5 हजार का इनाम घोषित किया गया था।
मल्हार क्षेत्र में आरोपी की आवाजाही की लगातार सूचना मिलने पर पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। 6 अगस्त को सूचना मिली कि आरोपी ग्राम महमंद (थाना तोरवा क्षेत्र) में मौजूद है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी उप निरीक्षक अवधेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दर्जीघाट और ग्राम महमंद में घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना तखतपुर के सुपुर्द कर दिया गया है।
सराहनीय भूमिका:
उप निरीक्षक अवधेश सिंह (चौकी प्रभारी मल्हार), आरक्षक किशन राय एवं आरक्षक श्यामलाल सोनवानी की टीम ने इस कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
