06 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:सीपत थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और पाक्सो अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 5 अगस्त को पीड़िता की परिजन ने थाना सीपत पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि गांव नीरतू निवासी दीपक पटेल (30 वर्ष) ने बच्ची को साइकिल सिखाने का झांसा देकर रैलहा जंगल की ओर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपराध क्रमांक 443/2026 के तहत बीएनएस की धारा 137(2), 64(2) तथा पाक्सो अधिनियम की धारा 4(2) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के महिला एवं बच्चों से जुड़े अपराधों में जीरो टॉलरेंस की नीति के निर्देश पर सीपत थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी के ठिकाने पर दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में सीपत पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
