06 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़। विद्यार्थियों के मन से पुलिस के प्रति झिझक और भय दूर कर कानून के प्रति जागरूक बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भूपदेवपुर के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने थाना भूपदेवपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्रों ने थाना की कार्यप्रणाली को करीब से देखा और कानून, साइबर सुरक्षा तथा नागरिक कर्तव्यों की महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी खरसिया सतीश भार्गव के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में थाना प्रभारी निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों को भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की सरल भाषा में जानकारी दी। उन्होंने एफआईआर दर्ज होने से लेकर विवेचना, साक्ष्य संकलन, गिरफ्तारी और न्यायालय में चालान प्रस्तुत करने तक की पूरी प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को लॉकअप, मालखाना, वायरलेस कक्ष, थाना प्रभारी कक्ष, आगंतुक कक्ष, पुलिस रजिस्टर, पुलिस रैंक व्यवस्था, हथियारों और पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। छात्रों ने उत्सुकतापूर्वक सवाल पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सहजता से जवाब दिया।
कार्यक्रम में गुड टच-बैड टच, महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी, यातायात नियमों का पालन, नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने, बाल विवाह के विरोध और नशे से दूर रहने जैसे विषयों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा महिलाओं और बालिकाओं के लिए संचालित ‘हैलो सिस्टर’ हेल्पलाइन (9479270533) की जानकारी भी साझा की गई।
निरीक्षक रोशन कुमार कौशिक ने विद्यार्थियों से अनुशासन, शिक्षा और अच्छे संस्कारों को जीवन का आधार बनाने, माता-पिता एवं शिक्षकों का सम्मान करने तथा किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय पुलिस और भरोसेमंद लोगों से साझा करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस भ्रमण से पुलिस के प्रति उनका विश्वास और आत्मीयता बढ़ी है तथा अब वे किसी भी समस्या में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित हुए हैं।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि बच्चों और युवाओं में कानून के प्रति जागरूकता तथा पुलिस के प्रति विश्वास विकसित करना पुलिस की प्राथमिकता है। उनका कहना था कि आज का जागरूक विद्यार्थी ही कल का जिम्मेदार नागरिक बनेगा और पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज की मित्र और हर जरूरतमंद की सहयोगी है।
