06 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़। रात के अंधेरे में सुनसान जगहों पर खड़े ट्रकों और ट्रेलरों का डीजल चोरी क
र सस्ते दामों में बेचने वाले संगठित गिरोह का तमनार पुलिस ने भंडाफोड़ कर दिया। पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए चोरी का डीजल खरीदने वाले खरीदार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल, पेचकस और नकदी जब्त की गई है, जबकि गिरोह के तीन अन्य सदस्य अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई की शुरुआत 4 अगस्त को दर्ज एक शिकायत से हुई। ट्रेलर चालक गोपेश जायसवाल ने बताया कि उसका ट्रेलर जेपीएल प्लांट के गेट नंबर-2 के पास खड़ा था। रात में टैंक में करीब 100 लीटर डीजल था, लेकिन सुबह डीजल टैंक का ढक्कन टूटा मिला और पूरा डीजल गायब था। शिकायत पर तमनार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम भालूमुड़ा निवासी किशोर कुमार चौहान को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने अपने साथियों फकीर यादव, खुलु उर्फ दुखभंजन देवता, कमलेश कुमार उरांव और कमल सिदार के साथ मिलकर ट्रकों और ट्रेलरों से डीजल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी ने बताया कि चोरी का डीजल मुड़ागांव निवासी दुर्गाचरण पटेल को मात्र 4 हजार रुपये में बेच दिया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी में इस्तेमाल बोलेरो वाहन, 50 लीटर डीजल, प्लास्टिक पाइप, लोहे का सब्बल और अन्य औजार बरामद किए। इसके बाद कमलेश कुमार उरांव को भी गिरफ्तार किया गया, जिसने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार करते हुए बिक्री की रकम में बचे 500 रुपये पुलिस को सौंप दिए। चोरी का डीजल खरीदने वाले दुर्गाचरण पटेल को भी गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
जांच में यह भी खुलासा हुआ कि गिरोह के सदस्य देर रात बोलेरो वाहन में औजार और ड्रम लेकर निकलते थे। वे सुनसान स्थानों पर खड़े ट्रकों और ट्रेलरों के डीजल टैंक का ढक्कन तोड़कर डीजल निकाल लेते थे। यदि चालक मौके पर मौजूद रहता तो उसे धमकाकर भगा देते थे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते थे।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी किशोर कुमार चौहान (37), कमलेश कुमार उरांव (23) और दुर्गाचरण पटेल (42) को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि ट्रकों, ट्रेलरों और भारी वाहनों को निशाना बनाने वाले संगठित गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। चोरी करने वालों के साथ-साथ चोरी का माल खरीदने वालों पर भी कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
