06 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बेमेतरा। बेमेतरा पुलिस में लगभग पांच वर्षों तक उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले राजेश कुमार झा को राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण/एंटी करप्शन ब्यूरो (ईओडब्ल्यू/एसीबी) रायपुर स्थानांतरित होने पर पुलिस कार्यालय के सभा कक्ष में गरिमामयी विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित कर भावभीनी विदाई दी गई।

समारोह में पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (आईपीएस), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, एसडीओपी भूषण एक्का, डीएसपी शशिकला उईके सहित पुलिस अधिकारियों ने श्री झा को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनके उत्कृष्ट कार्यकाल की सराहना की और नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल ने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा का स्वाभाविक हिस्सा है। हर नई जगह अधिकारी को नए अनुभव और सीख देती है। जनता के सहयोग से ही बेहतर पुलिसिंग संभव होती है और श्री राजेश कुमार झा ने अपने कार्यकाल में जनता का विश्वास जीतते हुए गंभीर मामलों के त्वरित निराकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उप पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार झा ने बेमेतरा में बिताए अपने पांच वर्ष के अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्हें वरिष्ठ अधिकारियों, सहकर्मियों और अधीनस्थ कर्मचारियों का हमेशा पूरा सहयोग मिला। जो भी जिम्मेदारी मिली, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाने का प्रयास किया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव ने कहा कि श्री झा ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और पुलिस प्रशासन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि वे नई जिम्मेदारियों का भी उसी दक्षता और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे।
एसडीओपी भूषण एक्का, डीएसपी शशिकला उईके, रक्षित निरीक्षक प्रवीण खलखो, निरीक्षक सोनल ग्वाला, मयंक मिश्रा, कृष्णकांत सिंह सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी श्री झा के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में पुलिस विभाग के बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रधान आरक्षक वर्षा चौबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन एसडीओपी भूषण एक्का ने किया। इस अवसर पर पूरे माहौल में आत्मीयता, सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव देखने को मिला।
