06 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बेमेतरा। जिले में लगातार हो रही बकरी चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी का आपराधिक इतिहास लंबा है और उसके खिलाफ चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट के कई मामले विभिन्न जिलों में पहले से दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की पांच बकरियां, घटना में इस्तेमाल किया गया वाहन, लोहे का सब्बल और मोबाइल सहित कुल 3.26 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश कुमार यादव तथा एसडीओपी भूषण एक्का के मार्गदर्शन में साइबर सेल, थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा और चौकी देवरबीजा की संयुक्त टीम ने दो अलग-अलग बकरी चोरी के मामलों की जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए आरोपी मनीष कुमार पटेल (25 वर्ष), निवासी बिलासपुर को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों सबीर खान, निजाम उर्फ राजा खान और मुकेश यादव के साथ देर रात महिंद्रा एक्सयूवी वाहन से गांवों में पहुंचता था। गैती और सब्बल की मदद से बकरी रखने वाले कोठों की दीवार तोड़कर अंदर घुसता और बकरियां चोरी कर वाहन में भरकर फरार हो जाता था।
पूछताछ में आरोपी ने ग्राम पदमी से 14 बकरियां तथा इससे पहले ग्राम मानपुर से 15 बकरियां चोरी करने की वारदात कबूल की। चोरी की अधिकांश बकरियां बेचकर आरोपियों ने रकम आपस में बांट ली थी, जबकि पदमी की चोरी में मिले हिस्से की पांच बकरियां आरोपी ने अपने पास रख ली थीं, जिन्हें पुलिस ने बरामद कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 बकरी-बकरा, लोहे का सब्बल, दो मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त महिंद्रा एक्सयूवी (CG-10-N-7266) जब्त की है। बरामद संपत्ति की कुल कीमत लगभग 3 लाख 26 हजार रुपये आंकी गई है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ बिलासपुर, महासमुंद, कबीरधाम, रायगढ़ और सक्ती जिलों के विभिन्न थानों में चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के करीब छह आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम लगातार दबिश दे रही है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर – प्रधान संपादक
