05 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
रायगढ़, 5 अगस्त 2026। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और रात के समय वाहन चालकों की सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से रायगढ़ यातायात पुलिस ने एक अभिनव अभियान शुरू किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिले के प्रमुख मार्गों पर सड़क किनारे स्थित पेड़ों पर ट्री मार्कर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, जिससे अंधेरे में पेड़ दूर से ही स्पष्ट दिखाई देंगे और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी।
एडिशनल एसपी श्री अनिल सोनी, एडिशनल एसपी (यातायात) श्री पुष्पेन्द्र बघेल के मार्गदर्शन तथा ट्रैफिक डीएसपी श्री उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस की अलग-अलग टीमें इस अभियान को जिलेभर में चला रही हैं।
रात्रि के समय सड़क किनारे खड़े पेड़ कई बार वाहन चालकों को समय पर दिखाई नहीं देते, जिससे तेज रफ्तार या विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बढ़ जाता है। इसी समस्या के समाधान के लिए चिन्हित पेड़ों पर उच्च गुणवत्ता वाले रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा रहे हैं, जो वाहनों की हेडलाइट पड़ते ही दूर से चमकते हैं और चालक को पहले से सतर्क कर देते हैं।
अभियान के तहत उर्दना-गेरवानी-लाखा मार्ग, पहाड़ मंदिर-बनोरा मार्ग तथा इंदिरा विहार-हमीरपुर मार्ग पर चिन्हित पेड़ों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाए जा चुके हैं। आने वाले दिनों में जिले के अन्य दुर्घटना संभावित और संवेदनशील मार्गों पर भी यह कार्य चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से रात्रि में निर्धारित गति सीमा का पालन करने, अनावश्यक हाई बीम का उपयोग नहीं करने, सीट बेल्ट एवं हेलमेट पहनने तथा सड़क संकेतकों और रिफ्लेक्टर मार्किंग का सम्मान करते हुए सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की अपील की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए पुलिस केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि ऐसे नवाचार भी कर रही है जो सीधे आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़े हैं। उन्होंने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित गति से वाहन चलाने और दूसरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखने की अपील की।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
