
रायगढ़। चोरी की बाइक बेचने की फिराक में घूम रहे एक युवक को कोतरारोड़ पुलिस ने फिल्मी अंदाज में धर दबोचा। मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से चोरी की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन तथा डीएसपी सुशांतो बनर्जी के पर्यवेक्षण में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतरारोड़ पुलिस को यह महत्वपूर्ण सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी बसंत कुमार चंद्रा (40 वर्ष) ने थाना कोतरारोड़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके कर्मचारी के रहने के लिए किराए पर लिए गए मकान के बरामदे से उनके ससुर की एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CU 1251 26 जुलाई 2026 की रात अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान थाना प्रभारी निरीक्षक शील आदित्य सिंह को मुखबिर से सूचना मिली कि किरोड़ीमलनगर के आजाद चौक में एक युवक चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही युवक को पकड़ लिया।पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक वैष्णव (19 वर्ष) निवासी जिला सक्ती बताया।
पुलिस ने सशक्त ऐप के माध्यम से मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर का मिलान किया, जिसमें वाहन वही चोरी की बाइक निकली जिसकी रिपोर्ट थाना कोतरारोड़ में दर्ज थी।
इसके बाद पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी और चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
