बिलासपुर। शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक निर्माणाधीन मकान में हुए दर्दनाक हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। रिंग रोड नंबर-2 स्थित आरबी हॉस्पिटल के मुख्य द्वार के सामने निर्माणाधीन भवन में बिजली के करंट की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम तथा वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।


प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान रवि बंजारे और भूपेंद्र साहू के रूप में हुई है, जो सरकंडा थाना क्षेत्र के अशोक नगर खमतराई के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों लंबे समय से उक्त निर्माणाधीन भवन में कार्य कर रहे थे। बताया जा रहा है कि मंगलवार को उनकी छुट्टी थी, लेकिन किसी आवश्यक कार्य से वे निर्माण स्थल पहुंचे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पहले भवन के नीचे काफी देर तक बातचीत करते रहे। इसके बाद वे निर्माणाधीन मकान की ऊपरी मंजिल पर पहुंचे। कुछ ही मिनटों बाद अचानक तेज चीख सुनाई दी। आसपास मौजूद लोग जब दौड़कर ऊपर पहुंचे तो दोनों बिजली के करंट की चपेट में तड़प रहे थे। तत्काल पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचना दी गई, लेकिन जब तक दोनों को नीचे उतारा गया, तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी किशोर केवट, सीएसपी परमेश्वर तिलकवार सहित सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने भी साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि निर्माण स्थल पर खुले बिजली के तार, करंट प्रवाहित लोहे के ढांचे या विद्युत सुरक्षा में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी परीक्षण के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।सिविल लाइन पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि निर्माणाधीन भवन में श्रमिकों की सुरक्षा के लिए आवश्यक विद्युत सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं।
पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।
