02 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर, 2 अगस्त। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ई. राघवेंद्र राव की 137वीं जयंती पर उनके आदर्शों को जनसेवा के माध्यम से जीवंत करते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी परिवार, बिलासपुर द्वारा एक दिवसीय विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सीपत रोड स्थित ‘सखी निवास’, सरस्वती होम्स में आयोजित इस शिविर में सैकड़ों नागरिकों ने विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श और निःशुल्क दवाइयों का लाभ उठाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ राज्य नीति आयोग के उपाध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी गणेश शंकर मिश्रा रहे। उन्होंने ई. राघवेंद्र राव के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका जीवन राष्ट्रसेवा, स्वाभिमान और जनकल्याण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि उनकी जयंती पर आयोजित यह स्वास्थ्य शिविर सच्ची श्रद्धांजलि है, क्योंकि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है और ऐसे प्रयास समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम में बिलासपुर विधायक सुशांत शुक्ला, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी संगठन के अध्यक्ष मुरली मनोहर खंडेलवाल, पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश वाजपेयी, वरिष्ठ नेता शिवा मिश्रा, कवर्धा जिला अध्यक्ष डॉ. नरेश यदु तथा कार्यक्रम की आयोजक एवं पूर्व महापौर वाणी राव सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य शिविर में नेत्र रोग, अस्थि रोग, जनरल सर्जरी, मानसिक रोग, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति रोग, शिशु रोग, नाक-कान-गला रोग तथा पोषण विशेषज्ञों के साथ आयुष विभाग के चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। डॉ. एल.सी. मढ़ारिया, डॉ. विनोद तिवारी, डॉ. आर.ए. शर्मा, डॉ. आशुतोष तिवारी, डॉ. चंद्र किरण तिवारी, डॉ. राजेश्वरी उद्देश, डॉ. घनश्याम गंगवानी, डॉ. कासिम खान, डॉ. कुसुम राजपूत और डॉ. यशवंत सिंह सहित विशेषज्ञ चिकित्सकों ने सैकड़ों मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के सदस्यों, शहर के गणमान्य नागरिकों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। अनिल तिवारी, डॉ. उषा किरण वाजपेयी, डॉ. संध्या तिवारी, यश गोरहा, श्वेता पांडे, अशोक तिवारी, अनिल व्यास, रमाशंकर शुक्ल, राजेश जैन, अशोक वर्मा, डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. अमर सिंह, किरण शुक्ला, प्रवीण दीक्षित और राजेंद्र चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में नागरिकों ने कार्यक्रम में सहभागिता कर आयोजन की सराहना की।
यह आयोजन केवल एक स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि महान स्वतंत्रता सेनानी ई. राघवेंद्र राव के राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के आदर्शों को समाज में आगे बढ़ाने का प्रेरणादायी प्रयास बनकर सामने आया।
