बिलासपुर। शहर के व्यापार विहार क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात उस समय हड़कंप मच गया, जब महिमा चौक के समीप स्थित अंग्रेजी शराब दुकान अचानक आग की चपेट में आ गई। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे परिसर को अपनी गिरफ्त में ले लिया और अंदर रखे मदिरा के स्टॉक के कारण हालात और भयावह हो गए। तेज गर्मी से बियर की बोतलें लगातार फटने लगीं, जिससे पूरे इलाके में धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं।

सबसे पहले धुएं का गुबार सुरक्षा गार्ड की नजर में आया। सूचना मिलते ही गश्त कर रही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंट्रोल रूम को तत्काल अलर्ट किया। इसके बाद दमकल विभाग ने एक के बाद एक कई वाहन घटनास्थल पर भेजे। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शुरुआती संसाधन नाकाफी साबित हुए और अतिरिक्त दमकल बल बुलाना पड़ा।

पुलिस ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को खाली कराया और लोगों को घटनास्थल से दूर रखा। बिजली विभाग ने किसी बड़े हादसे से बचने के लिए तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कर दी, जबकि आबकारी विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी करते रहे।

आग की लपटों के बीच लगातार फूटती बियर की बोतलों ने राहत कार्य को और चुनौतीपूर्ण बना दिया। धमाकों की आवाजें दूर-दूर तक सुनाई देती रहीं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में दहशत का माहौल बन गया। दमकल कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास जारी रखा।

सुबह होने तक भी राहत अभियान चलता रहा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है, हालांकि वास्तविक क्षति का आकलन जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। आग किस वजह से लगी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। संबंधित विभाग पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।

सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
