बिलासपुर।(कुमार पोपटानी की खास खबर)साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय से 31 जुलाई 2026 को सेवानिवृत्त हुए पांच अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। मुख्यालय स्थित सीएमडी कक्ष में उन्हें शाल, श्रीफल, पुष्पहार से सम्मानित कर सेवानिवृत्ति भुगतान का चेक प्रदान किया गया।
मुख्यालय प्रशासनिक भवन के कॉन्फ्रेंस हॉल में आयोजित विदाई समारोह में निदेशक (तकनीकी-संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) रमेश चंद्र महापात्र, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमिक संघों के प्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
समारोह में मुख्य प्रबंधक (खनन) प्रसन्न कुमार निगम, मुख्य प्रबंधक (खनन) सनत कुमार तिवारी, कार्यालय अधीक्षक राकेश कुमार सरकार, कार्यालय अधीक्षक सूर्यकांत पाण्डेय तथा सहायक सुरक्षा उप निरीक्षक रामजी पाण्डेय को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
इस अवसर पर शीर्ष प्रबंधन ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी-कर्मचारियों की निष्ठा, समर्पण और कार्यकुशलता ने एसईसीएल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा तथा उनके स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी एसईसीएल परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यहां कार्य संस्कृति हमेशा सहयोग, समर्पण और टीम भावना पर आधारित रही है। सभी अधिकारी-कर्मचारी कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करते हैं, जो उनकी सबसे बड़ी पूंजी है।
कार्यक्रम का सफल संचालन एवं सेवानिवृत्त कर्मियों का परिचय प्रबंधक (राजभाषा) श्रीमती सविता निर्मलकर ने प्रस्तुत किया।
