बिलासपुर(कुमार पोपटानी की खास खबरें)सीपत थाना पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी को महज 24 घंटे के भीतर सुलझाते हुए हत्या की आरोपिया को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। जांच में सामने आया कि प्रेम संबंध के दौरान हुए विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि प्रेमिका ने अपने प्रेमी का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई 2026 को ग्राम कौड़िया निवासी दुर्गा प्रसाद पटेल ने सूचना दी कि चंद्रप्रकाश पटेल अपने घर की कोला-बाड़ी में मृत अवस्था में पड़ा है। सूचना पर सीपत थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया तथा जिला मुख्यालय की अपराध स्थल निरीक्षण टीम की सहायता से घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके बाद परिजनों और गवाहों से पूछताछ शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक के ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30 वर्ष) के साथ पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। घटना वाले दिन भी वह मृतक से मिलने उसके घर पहुंची थी, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ था।
पुलिस ने संदेह के आधार पर उर्वसी दास महंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने बताया कि घटना के दिन वह अपनी स्कूटी से मृतक के घर गई थी। उस समय चंद्रप्रकाश शराब के नशे में था और उस पर शक करते हुए गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर मृतक ने उसका गला दबाने की कोशिश की। बचाव में उसने भी मृतक का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को घर की कोला-बाड़ी में लिटाकर वहां से फरार हो गई।
आरोप स्वीकार करने के बाद पुलिस ने उर्वसी दास महंत उर्फ चुलबुल दास को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर | प्रधान संपादक
