01 अगस्त 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर(कुमार पोपटानी की खास खबरें)राज्य सरकार के गृह विभाग द्वारा जारी राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों की व्यापक तबादला सूची के बाद बिलासपुर पुलिस महकमे में नई जिम्मेदारियों का दौर शुरू हो गया है। जिले में नए अधिकारियों की पदस्थापना और कार्यभार ग्रहण करने का सिलसिला तेज हो गया है, जिससे कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी व मजबूत बनाने की दिशा में नई उम्मीदें जगी हैं।

प्रशासनिक फेरबदल के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) स्तर के अधिकारियों ने बिलासपुर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियां संभाल ली हैं। इसी क्रम में तिलेश्वर प्रसाद यादव ने सरकंडा सीएसपी का पदभार ग्रहण किया, जबकि परमेश्वर तिलकवार ने सिविल लाइन सीएसपी के रूप में कार्यभार संभाल लिया है।

वहीं राज्य पुलिस सेवा के अधिकारी कौशल्या साहू, सुदीप सरकार, राजेश जोशी और परमानंद ठाकुर ने भी बिलासपुर जिले में अपनी आमद दर्ज करा दी है। इन अधिकारियों की नियुक्ति से अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और पुलिसिंग को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

दूसरी ओर, बिलासपुर में लंबे समय तक अपनी प्रभावी सेवाएं देने वाले सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह का स्थानांतरण जशपुर एसडीओपी के पद पर किया गया है। स्थानांतरण आदेश के पालन में उन्होंने अपना कार्यभार सौंपकर कार्यमुक्ति ले ली है।

नए अधिकारियों की तैनाती के साथ अब जिले की कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, संवेदनशील और प्रभावी बनाने की जिम्मेदारी उनके कंधों पर होगी। पुलिस महकमे में हुए इस बड़े प्रशासनिक बदलाव को जिले की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
