बिलासपुर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर जिला पुलिस ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत जिलेभर में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में सभी थाना-चौकी, पुलिस लाइन और पुलिस आवासीय परिसरों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

नीलयम पुलिस आवासीय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में एसएसपी रजनेश सिंह सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन परमेश्वर तिलकवार, नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली तिलेश्वर प्रसाद यादव, डीएसपी लाइन मंजुलता केरकेट्टा, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक आकाश चौधरी, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण किया।

अभियान के तहत जिलेभर के थाना-चौकी और पुलिस आवासीय परिसरों में 2 हजार से अधिक पौधे लगाए गए।

इस दौरान सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और पुलिस परिवार के सदस्यों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जिस प्रकार लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया, उसी तरह प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ भारत के निर्माण में योगदान दे।

कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-आंदोलन बनाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।

जिला पुलिस ने सभी नागरिकों से अपनी माता के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाने और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने की अपील की।
