31 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा है कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास को गति देना भी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सरकार के दो वर्षों के कार्यकाल में सिंचाई, सड़क, शिक्षा, बिजली और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं, जिससे राज्य का हर क्षेत्र विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

गुरुवार को बिलासपुर प्रेस क्लब के “हमर पहुना” कार्यक्रम में पत्रकारों से संवाद करते हुए कौशिक ने कहा कि बिल्हा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने बताया कि अरपा-भैंसाझार सिंचाई परियोजना अंतिम चरण में है, जिसके पूरा होने पर लगभग 67 हजार एकड़ कृषि भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा पथरिया बैराज के लिए 55 करोड़ रुपये तथा दगौरी रेल लाइन के आगे सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए 70 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं मनियारी परियोजना पर भी तेजी से कार्य जारी है।

उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र के अधिकांश विद्यालयों का दसवीं और बारहवीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा है। कई विद्यार्थियों ने 95 से 96 प्रतिशत तक अंक प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छात्राओं की शिक्षा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और अनेक विद्यालयों में छात्राओं की संख्या छात्रों से अधिक हो गई है।
अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन का जिक्र करते हुए कौशिक ने बताया कि सार्वजनिक जीवन में आने से पहले उन्होंने लगभग साढ़े चौदह वर्ष तक अधिवक्ता के रूप में कार्य किया। इसके बाद भाजपा संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाने का अवसर मिला और फिर विधायक के रूप में जनता की सेवा करने का दायित्व मिला।

उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य गठन के समय की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि बिलासपुर में उच्च न्यायालय की स्थापना के लिए जनप्रतिनिधियों ने दिल्ली जाकर केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी पक्ष रखा था। राज्य के संतुलित विकास को ध्यान में रखते हुए राजधानी रायपुर और उच्च न्यायालय बिलासपुर में स्थापित करने की मांग की गई, जिसे केंद्र सरकार ने स्वीकार किया।
धरमलाल कौशिक ने कहा कि जब उन्होंने बिल्हा विधानसभा का प्रतिनिधित्व संभाला, तब क्षेत्र में सड़क और आधारभूत सुविधाओं का अभाव था। उनके प्रयासों से अनेक सड़क परियोजनाएं, विद्युत उपकेंद्र, विद्यालय, महाविद्यालय और अन्य विकास कार्य शुरू हुए। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 132 केवी, 220 केवी और 400 केवी क्षमता के विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना से बिजली व्यवस्था पहले की तुलना में कहीं अधिक मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि बिल्हा क्षेत्र में स्थित हवाई अड्डा, बिलासपुर उच्च न्यायालय, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल तथा सिरगिट्टी, तिफरा, सिलपहरी और दगौरी के औद्योगिक क्षेत्रों के विकास से रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा सरकार आगे भी जनहित और विकास के कार्यों को इसी गति से आगे बढ़ाती रहेगी।
कार्यक्रम के प्रारंभ में बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक धरमलाल कौशिक का पुष्पगुच्छ, शॉल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
