31 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय स्थित वसंत क्लब में 62वीं कंपनी स्तरीय द्विपक्षीय सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों एवं श्रमिक प्रतिनिधियों ने “सुरक्षा सर्वोपरि, सुरक्षा से समृद्धि” के संकल्प के साथ सुरक्षित कार्य संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।

बैठक की अध्यक्षता निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने की। इस दौरान निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र, सभी क्षेत्रों के महाप्रबंधक, मुख्यालय के विभागाध्यक्ष, द्विपक्षीय सुरक्षा समिति के सदस्य और विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक (सुरक्षा एवं बचाव) प्रकाश राय के स्वागत संबोधन से हुआ।
अपने संबोधन में निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने सभी प्रतिभागियों को सुरक्षा शपथ दिलाते हुए कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति केवल नियमों के पालन से नहीं, बल्कि प्रत्येक कर्मचारी की जागरूकता, अनुशासन और जिम्मेदारी से विकसित होती है। उन्होंने सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और सामूहिक प्रयासों से “शून्य दुर्घटना” के लक्ष्य को प्राप्त करने का आह्वान किया।

निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) रमेश चन्द्र महापात्र ने कहा कि आधुनिक तकनीक, सतत प्रशिक्षण और सभी हितधारकों की सक्रिय भागीदारी से ही सुरक्षित एवं उत्पादक कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सुरक्षा मानकों के प्रभावी पालन और निरंतर सुधार पर विशेष जोर दिया।
बैठक में कंपनी के विभिन्न क्षेत्रों के सुरक्षा प्रदर्शन, मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा की गई। श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन पर विस्तृत चर्चा के बाद कार्यस्थलों पर जोखिम कम करने, बेहतर समन्वय और सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने पर सहमति बनी।
बैठक के दौरान निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक पद पर मनोनीत होने पर शुभकामनाएं दी गईं। वहीं, द्विपक्षीय सुरक्षा समिति के सदस्य एवं एससीकेएमसी प्रतिनिधि कमलेश शर्मा के सेवानिवृत्त होने पर उनके लंबे और समर्पित सेवाकाल के लिए सम्मानपूर्वक शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
