15 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर: तोरवा पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की बाइक बरामद कर ली है। वहीं क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दो पुराने निगरानी बदमाशों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें भी गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई 2026 को तोरवा निवासी हर्ष कुमार वाधवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 जुलाई की रात उनके घर के बाहर खड़ी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल (क्रमांक CG-10-P-8046) अज्ञात चोर चोरी कर ले गया। शिकायत पर थाना तोरवा में अपराध क्रमांक 382/2026 धारा 303(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार एवं थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपी विनोद गोड (26 वर्ष), निवासी ग्राम अमोरा, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी गई हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये है, बरामद कर ली गई। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इसी क्रम में तोरवा पुलिस ने क्षेत्र में अपराधों की रोकथाम के लिए पुराने निगरानी एवं आदतन अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। सूचना के आधार पर शंकर गंगोत्री उर्फ दीपु और निलेश सोनकर, जो चोरी के मामलों में पूर्व से निगरानी सूची में शामिल हैं, के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया।
तोरवा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों, आदतन अपराधियों और संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा ऐसे तत्वों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
