16 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर, 15 जुलाई 2026। भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 के तहत हैदराबाद में 14 से 16 जुलाई तक आयोजित ब्रिक्स ट्रेड यूनियन फोरम समिट में साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने कोल इंडिया लिमिटेड का प्रतिनिधित्व करते हुए वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराई।

समिट के दौरान एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री बिरंची दास ने “ब्रिक्स+ देशों में सर्वोत्तम प्रथाएं” विषय पर आयोजित पैनल चर्चा में भाग लिया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के समक्ष कोल इंडिया की मानव संसाधन नीति, कर्मचारी कल्याण, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास तथा सामाजिक विकास से जुड़ी उत्कृष्ट पहलों को विस्तार से प्रस्तुत किया।
उन्होंने बताया कि देश के सबसे बड़े नियोक्ताओं में शामिल कोल इंडिया अपने 2.2 लाख से अधिक कर्मचारियों के लिए कर्मचारी हितों को प्राथमिकता देते हुए जन-केंद्रित नीतियों और सहभागी कार्यसंस्कृति के माध्यम से उत्पादकता तथा कर्मचारी कल्याण के बीच संतुलन स्थापित कर रहा है।

श्री दास ने एसईसीएल की सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) आधारित योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने “एसईसीएल के सुष्रुत” और “एसईसीएल की धड़कन” जैसी पहलों के जरिए कोयलांचल क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों की जानकारी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के साथ साझा की।
गौरतलब है कि भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता-2026 की थीम “रेज़िलिएंस, इनोवेशन, कोऑपरेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” है। तीन दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय समिट में 50 से अधिक विदेशी प्रतिनिधियों के अलावा भारतीय ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि, श्रम विशेषज्ञ और शिक्षाविद शामिल हुए।
सम्मेलन में सार्वभौमिक सामाजिक सुरक्षा, भविष्य के कार्यबल के लिए कौशल विकास, मानव-केंद्रित प्रौद्योगिकी, उत्तरदायी कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा बदलती कार्य संस्कृति में महिलाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक चर्चा हुई।
