16 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर, 14 जुलाई 2026। महिला सशक्तिकरण की दिशा में एसईसीएल की अनूठी पहल ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला संचालित वसंत विहार डिस्पेंसरी ने सफलतापूर्वक अपना पहला वर्ष पूरा कर लिया। इस उपलब्धि के अवसर पर आयोजित समारोह में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ केक काटकर किया गया। इस दौरान वसंत विहार डिस्पेंसरी की महिला चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी, इंदिरा हेल्थ सेंटर के चिकित्सक एवं चिकित्सा कर्मी मौजूद रहे। पिछले एक वर्ष से यह डिस्पेंसरी पूरी तरह महिला चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा संचालित की जा रही है, जहां कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला संचालित डिस्पेंसरी एसईसीएल के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता और कार्यकुशलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं तथा यह पहल संगठन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में इस डिस्पेंसरी को ‘उत्कृष्टता केंद्र’ (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के रूप में विकसित करने की दिशा में एसईसीएल लगातार कार्य कर रहा है।

समारोह में मुख्य चिकित्सा सेवाएं (सीएमएस) डॉ. श्रुति देव मिश्रा, उप मुख्य चिकित्सा सेवाएं डॉ. अरिहंत जैन, उप चिकित्सा अधीक्षक एवं वसंत विहार डिस्पेंसरी प्रभारी डॉ. नाज़िया मोहम्मदी सहित वसंत विहार डिस्पेंसरी और इंदिरा हेल्थ सेंटर के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने प्रथम वर्षगांठ पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समर्पण, उत्कृष्टता और संवेदनशीलता के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का संकल्प दोहराया।
