15 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 नग नाइट्राज़ेपाम नशीली गोलियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से नशीली गोलियां, वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल तथा बिक्री की नकदी भी जब्त की गई है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड विवेचना और वित्तीय जांच कर अन्य जुड़े आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
14 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक ज्वाली नाला के पास काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर बैठकर नशीली दवाइयों की बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 55 नग नाइट्राज़ेपाम नशीली गोलियां, सीजी-10/डब्ल्यू-2556 क्रमांक की पल्सर मोटरसाइकिल तथा 830 रुपये बिक्री की रकम बरामद हुई। पुलिस ने सभी सामान को विधिवत जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निकेश कौशिक उर्फ वासू (25 वर्ष) निवासी तेलीपारा, बिलासपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 430/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि नशे के इस अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की वित्तीय जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी जल्द वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
