15 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने रतनपुर-कोटा मार्ग पर राहगीरों से लूटपाट करने वाले चार आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 6,300 रुपये नकद तथा वारदात में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। गिरफ्तार सभी आरोपी आदतन बदमाश प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं और इनमें से कुछ पहले भी लूट की घटनाओं में शामिल रह चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, भेड़ीमुड़ा निवासी भारत कुमार सूर्यवंशी ने थाना रतनपुर में शिकायत दर्ज कराई कि देर रात नेवरा (कोटा) से लौटते समय भैंसाझार मोड़ के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उनकी बाइक को लात मारकर गिरा दिया और जेब में रखे 5,000 रुपये लूट लिए। इसी दौरान ग्राम खैरा निवासी अरुण कुमार राज भी वहां से गुजर रहे थे। आरोपियों ने उन्हें रोककर गाली-गलौज की और उनके पास से 15,000 रुपये नकद तथा मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पीड़ितों द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस ने पूर्व में लूट के मामले में गिरफ्तार हो चुके गुलाब नरेश उर्फ राजा सारथी को घेराबंदी कर पकड़ा। पूछताछ में उसने अपने साथियों शिवप्रसाद यादव, अनवर खान और ओमप्रकाश पोर्ते के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त यामाहा आर-15 और बजाज पल्सर एनएस मोटरसाइकिल के साथ 6,300 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में आरोपियों ने लूट की रकम आपस में बांटकर अधिकांश खर्च कर देने की बात भी स्वीकार की।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक पवन सिंह, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक अनिल सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे, धीरज कश्यप एवं कीर्ति पैकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
