15 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर: तारबाहर पुलिस ने रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के सूने बंगले में चोरी का प्रयास करने वाले दो अंतरराज्यीय शातिर चोरों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। दोनों आरोपी सूने मकानों की रेकी कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 30 अप्रैल 2026 को रेलवे कर्मचारी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित बंगला क्रमांक पीवी/10, जिसके मालिक का स्थानांतरण जबलपुर हो चुका था, लंबे समय से बंद था। 29 अप्रैल की सुबह अज्ञात बदमाशों ने बंगले का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया, पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया और कीमती सामान नहीं मिलने पर फरार हो गए।
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र अनंत के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिससे संदिग्धों की पहचान हुई। इसी बीच जानकारी मिली कि दोनों आरोपी एक अन्य चोरी के मामले में दुर्ग जेल में बंद हैं। पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की और उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद नासिर (32 वर्ष), निवासी मदनपुर खादर, नई दिल्ली तथा हासिम (24 वर्ष), निवासी शालीमार गार्डन, मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पेशेवर अंतरराज्यीय चोर हैं। इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ के दुर्ग, भिलाई, रायपुर और बिलासपुर सहित दिल्ली, मेरठ और चंडीगढ़ में भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
