10 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अवैध कबाड़ परिवहन के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में लैलूंगा और छाल थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए करीब 6.5 टन संदिग्ध लोहे का कबाड़, एक 14 चक्का ट्रक और एक माजदा वाहन समेत 28.48 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर दो चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

लैलूंगा थाना प्रभारी उप निरीक्षक गिरधारी साव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक 14 चक्का ट्रक में भारी मात्रा में संदिग्ध लोहे का कबाड़ पत्थलगांव से घरघोड़ा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर खम्हार मोड़ के पास नाकेबंदी कर ट्रक क्रमांक सीजी-14 एमएफ-0223 को रोका गया। जांच के दौरान चालक महेन्द्र लहरे (36) निवासी गोढ़ीकला, जिला जशपुर, कबाड़ परिवहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने ट्रक से करीब 4.5 टन लोहे का स्क्रैप बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1.08 लाख रुपये तथा ट्रक की कीमत 15 लाख रुपये आंकी गई। पुलिस ने कुल 16.08 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की।

इसी दिन छाल थाना पुलिस ने ग्राम बोजिया के पास माजदा वाहन क्रमांक सीजी-12 एज़ेड-3191 को रोककर जांच की। चालक भूपेन्द्र यादव (36) निवासी ढोढ़ीपारा, कोरबा, कबाड़ परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। वाहन में लोहे की छड़, एंगल और वाहनों के टूटे-फूटे हिस्सों सहित करीब 2 टन कबाड़ मिला। पुलिस ने 40 हजार रुपये मूल्य का कबाड़ और 12 लाख रुपये कीमत का माजदा वाहन जब्त कर कुल 12.40 लाख रुपये की संपत्ति अपने कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की।

रायगढ़ पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन प्रहार के तहत अवैध कबाड़ कारोबार, चोरी की संपत्ति के परिवहन और उससे जुड़े नेटवर्क पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध कबाड़ के स्रोत और स्वामित्व की भी गहन जांच की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ का कारोबार चोरी और संगठित अपराधों से जुड़ा गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में बिना वैध दस्तावेज कबाड़ का परिवहन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
