10 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर जिले के कोटा थाना क्षेत्र की बेलगहना चौकी पुलिस ने छठी कार्यक्रम के दौरान युवक की पीट-पीटकर हत्या करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की रात डायल-112 के माध्यम से ग्राम कसईबहरा में अमर सिंह पेन्द्रो की मौत की सूचना मिली। सूचना मिलते ही बेलगहना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) माधुलिका सिंह एवं एसडीओपी नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में एफएसएल टीम की सहायता से मामले की गहन जांच की गई।
जांच में सामने आया कि 7 जुलाई की शाम अमर सिंह पेन्द्रो गांव में आयोजित छठी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम के दौरान रोहित पोर्ते, दीपक पोर्ते और प्रदीप वाकरे ने उससे शराब पीकर माहौल खराब करने का आरोप लगाते हुए घर जाने को कहा। विवाद बढ़ने पर तीनों ने मिलकर अमर सिंह के साथ लात-घूंसों और मुक्कों से बेरहमी से मारपीट की।
पुलिस के मुताबिक, देर रात तीनों आरोपी अमर सिंह को कार्यक्रम स्थल से करीब 60-65 मीटर तक सीसी रोड पर घसीटते हुए उसके घर के पास छोड़कर फरार हो गए। गंभीर अंदरूनी चोटों के कारण अमर सिंह की तबीयत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया। साक्ष्यों, गवाहों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर तीनों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर 10 जुलाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित पोर्ते (30 वर्ष), दीपक पोर्ते (23 वर्ष) और प्रदीप वाकरे (21 वर्ष), सभी निवासी ग्राम कसईबहरा, चौकी बेलगहना, जिला बिलासपुर शामिल हैं।
सीजी क्राइम रिपोर्टर प्रधान संपादक
