10 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर, 9 जुलाई 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने उत्कृष्ट, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल खनन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए कोयला मंत्रालय द्वारा जारी प्रतिष्ठित स्टार रेटिंग में एसईसीएल की पाँच खदानों को सर्वोच्च 5-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है। यह कंपनी के इतिहास की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल है।
5-स्टार रेटिंग प्राप्त करने वाली खदानों में बंगवार भूमिगत खदान, खैराहा भूमिगत खदान, बेहराबांध भूमिगत खदान, विजय वेस्ट भूमिगत खदान और जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना शामिल हैं। इनमें जगन्नाथपुर इस वर्ष 5-स्टार रेटिंग पाने वाली एसईसीएल की एकमात्र ओपनकास्ट परियोजना रही।

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग प्रणाली के तहत खदानों का मूल्यांकन सुरक्षित एवं वैज्ञानिक खनन, पर्यावरण संरक्षण, भूमि पुनर्वास, आधुनिक तकनीक के उपयोग, श्रमिक सुरक्षा एवं कल्याण, वैधानिक अनुपालन, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा परिचालन दक्षता जैसे विभिन्न मानकों पर किया जाता है। इन सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली खदानों को ही 5-स्टार रेटिंग प्रदान की जाती है।
इस वर्ष सम्मानित हुई भूमिगत खदानों ने सुरक्षित संचालन, उत्पादन दक्षता, वैज्ञानिक खनन, श्रमिक कल्याण और पर्यावरणीय प्रबंधन में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। वहीं जगन्नाथपुर ओपनकास्ट परियोजना ने ओवरबर्डन प्रबंधन, हरित विकास, जल संरक्षण और सुरक्षित उत्पादन के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां दर्ज कीं।

एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन ने इस उपलब्धि पर कहा कि एक साथ पाँच खदानों को 5-स्टार रेटिंग मिलना पूरे एसईसीएल परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने इसे अधिकारियों, कर्मचारियों, सहयोगी संस्थाओं और सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि सुरक्षित, सतत और पर्यावरण-अनुकूल खनन कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी आधुनिक तकनीकों के माध्यम से उत्कृष्टता के नए मानक स्थापित किए जाएंगे।
कुल 45 खदानों को मिली स्टार रेटिंग
कोयला मंत्रालय के वित्तीय वर्ष 2024-25 के मूल्यांकन में एसईसीएल की कुल 45 खदानों को 3-स्टार या उससे अधिक रेटिंग प्राप्त हुई है। इनमें—
5 खदानों को 5-स्टार रेटिंग
19 खदानों को 4-स्टार रेटिंग
21 खदानों को 3-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है।
यह उपलब्धि एसईसीएल की मजबूत सुरक्षा संस्कृति, परिचालन उत्कृष्टता, पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित करती है। साथ ही, देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत बनाने में एसईसीएल की अग्रणी भूमिका को भी रेखांकित करती है।
