10 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाने और त्वरित राहत पहुंचाने के उद्देश्य से बिलासपुर यातायात पुलिस ने अत्याधुनिक बैटरी संचालित मोबाइल मल्टीपर्पस हाइड्रोलिक रेस्क्यू टूल्स का प्रशिक्षण आयोजित किया।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के पर्यवेक्षण में आयोजित इस प्रशिक्षण में जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारी, थाना प्रभारी, हाईवे पेट्रोलिंग दल और यातायात बल के जवान शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान कटर मशीन, स्प्रेडर, रेस्क्यू रैम सेट, स्ट्रॉन्ग आर्म, ग्लास मैनेजमेंट उपकरण सहित अन्य आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों के संचालन और मानक कार्यप्रणाली (एसओपी) की जानकारी दी गई। इन उपकरणों की मदद से सड़क हादसों में क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों को कम समय में सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा।

यातायात पुलिस ने बताया कि जिले के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर हाईवे पेट्रोलिंग के माध्यम से ये रेस्क्यू उपकरण 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। इसके साथ ही इंटरसेप्टर वाहनों से ओवरस्पीडिंग पर लगातार कार्रवाई भी जारी रहेगी, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी सड़क दुर्घटना होने पर तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम या नजदीकी थाना को सूचना दें, जिससे प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को समय रहते सुरक्षित निकाल सके।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
