10 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:आम नागरिकों को त्वरित न्याय और प्रभावी पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिलासपुर पुलिस ने शुक्रवार को बिलासगुडी चेतना भवन में वृहद शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया। पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर में जिलेभर के राजपत्रित अधिकारी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

शिविर में कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 41 शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। वहीं 8 मामलों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर संबंधित थाना प्रभारियों को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में सबसे अधिक महिला थाना से 8, कोतवाली से 7, सिरगिट्टी से 4, जबकि कोनी, रतनपुर और तोरवा से 3-3 शिकायतें प्राप्त हुईं। इसके अलावा सिविल लाइन, सरकंडा, तखतपुर, चकरभाठा, सीपत और मस्तूरी थाना क्षेत्रों से 2-2 शिकायतें दर्ज की गईं।
प्राप्त शिकायतों में भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, साइबर ठगी, लेन-देन से जुड़ी धोखाधड़ी और महिला संबंधी प्रकरण प्रमुख रहे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्वयं प्रत्येक फरियादी से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

इस अवसर पर एसएसपी रजनेश सिंह ने कहा कि जिला स्तर पर शिकायत निवारण शिविर लगाने का उद्देश्य लोगों को शीघ्र न्याय उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बार-बार थानों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मधुलिका सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (आईयूसीएडब्ल्यू) रश्मित कौर चावला सहित सभी पुलिस अनुविभागीय अधिकारी और थाना प्रभारी उपस्थित रहे। फरियादियों ने भी पुलिस की इस पहल की सराहना की।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
