10 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर:जिले में राजस्व कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शुक्रवार को बिलासपुर और सकरी तहसीलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों, अभिलेखों के संधारण और न्यायालयीन मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों पर विशेष नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसे प्रकरणों में नियमित सुनवाई कर प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निर्णय लिया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

उन्होंने नक्शा बटांकन और सीमांकन के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि इन मामलों के लंबित रहने से भूमि संबंधी विवाद और शासकीय कार्यों में बाधाएं उत्पन्न होती हैं। इसलिए लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने राजस्व अभिलेखों के रखरखाव की भी समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी अभिलेख सुरक्षित, अद्यतन एवं व्यवस्थित रखे जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर जानकारी तुरंत उपलब्ध हो सके।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय पहुंचे पक्षकारों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही अधिवक्ताओं से भी राजस्व न्यायालयों में मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण को लेकर सुझाव प्राप्त किए।
निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर शिवकुमार बनर्जी सहित राजस्व विभाग के अधिकारी एवं तहसील का अमला उपस्थित रहा।
