09 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाने वाली पंडवानी की महान गायिका एवं पद्मश्री सम्मानित श्रीमती तीजन बाई के निधन पर गुरुवार को राघवेंद्र राव सभा भवन परिसर स्थित बिलासपुर प्रेस क्लब में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि सभा का शुभारंभ वरिष्ठ पत्रकार निर्मल मणिक द्वारा तीजन बाई के चित्र पर अगरबत्ती प्रज्वलित कर श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुआ। इसके बाद प्रेस क्लब के सह सचिव हरिकिशन गंगवानी ने तीजन बाई के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपनी अद्भुत पंडवानी गायन शैली से छत्तीसगढ़ की लोककला और संस्कृति को विश्व पटल पर विशिष्ट पहचान दिलाई। उनका संपूर्ण जीवन कला साधना, संस्कृति संरक्षण और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का प्रतीक रहेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि तीजन बाई का निधन केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि देश की लोक सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी कला और योगदान सदैव स्मरणीय रहेंगे।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित पत्रकारों, साहित्यकारों, कलाकारों एवं नागरिकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत पुण्यात्मा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ फोटो पत्रकार विजय दूसेजा ने उपस्थित सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रेस क्लब के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, पत्रकार, साहित्यकार, कलाकार एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
