09 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/SECL
बिलासपुर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) के निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को लोक उद्यम चयन बोर्ड (PESB) ने 8 जुलाई 2026 को नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (CMD) पद के लिए अनुशंसित किया है। इस उपलब्धि से एसईसीएल परिवार में खुशी का माहौल है।

श्री जयकुमार को कोयला एवं लिग्नाइट खनन क्षेत्र में तीन दशक से अधिक का व्यापक अनुभव है। उन्होंने फरवरी 2024 में एसईसीएल में निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) के रूप में कार्यभार संभाला था। इसके बाद 1 जनवरी 2025 से वे निदेशक (तकनीकी-ऑपरेशंस) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

एसईसीएल से पहले वे एनएलसी इंडिया लिमिटेड में कार्यकारी निदेशक (कोल कोऑर्डिनेशन) एवं तलाबीरा-द्वितीय और तृतीय ओपनकास्ट परियोजना के प्रमुख रहे। उन्होंने द सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (SCCL) में लगभग 18 वर्षों तक भूमिगत और खुली खदानों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा इंडोनेशिया की 50 लाख टन वार्षिक क्षमता वाली कोयला खदान का पांच वर्षों तक सफल नेतृत्व भी किया।

खनन अभियांत्रिकी में स्नातक श्री जयकुमार ने पर्यावरण अभियांत्रिकी एवं प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा तथा मानव संसाधन प्रबंधन में एमबीए की उपाधि भी प्राप्त की है। वे प्रथम श्रेणी खान प्रबंधक दक्षता प्रमाणपत्र के धारक हैं तथा इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया) के फेलो भी हैं।
संचालन उत्कृष्टता के साथ-साथ उन्होंने खान सुरक्षा, कौशल विकास और रणनीतिक नीतियों के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। वे स्किल काउंसिल फॉर माइनिंग सेक्टर के बोर्ड सदस्य रह चुके हैं और कोयला मंत्रालय की संकट प्रबंधन योजना तैयार करने में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं।
एसईसीएल परिवार ने श्री एन. फ्रैंकलिन जयकुमार को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके सफल नेतृत्व और उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर ✍️ प्रधान संपादक
