09 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रतनपुर
बिलासपुर। रतनपुर थाना पुलिस ने बेलतरा स्थित ग्रामीण बैंक और एटीएम में सेंध लगाकर चोरी व तोड़फोड़ करने वाले 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया स्टेबलाइजर, राउटर, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, बैंक की दीवार, लॉकर और एटीएम तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की गैंती व टंगिया बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 6 जुलाई 2026 को बेलतरा ग्रामीण बैंक के शाखा प्रबंधक ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जुलाई की रात अज्ञात चोर बैंक के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर घुस गए। बदमाशों ने बैंक में लगे राउटर और स्टेबलाइजर की चोरी कर ली तथा लॉकर और एटीएम को तोड़कर नकदी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय ने वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की। बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और मुखबिर तंत्र सक्रिय करने पर आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस ने मुख्य आरोपी सुमेष कश्यप उर्फ सोनू को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने अपने चार साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपी
सुमेष कश्यप उर्फ सोनू (29), नेवसा
सूरज कुमार विश्वकर्मा (26), गिधौरी
नवीन कुमार बैसवाड़े (28), नेवसा
खिकराम खैरवार उर्फ विक्की (25), गिधौरी
प्रकाश यादव उर्फ बौना (19), गिधौरी
पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान, दो मोटरसाइकिल और वारदात में प्रयुक्त औजार जब्त कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, उपनिरीक्षक विष्णु यादव, सहायक उपनिरीक्षक नीलाकर सेठ, प्रधान आरक्षक बलदेव सिंह, आरक्षक आकाश डोंगरे और देवानंद चंद्राकर की विशेष भूमिका रही।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
