09 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर/रायगढ़ विशेष
रायगढ़। रुपये के लेन-देन के विवाद ने उस समय आपराधिक रूप ले लिया जब एक युवक से मारपीट कर उसकी करीब 10 लाख रुपये कीमत की मारुति सुजुकी XL-6 कार लूट ली गई। मामले में घरघोड़ा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लूटी गई कार बरामद कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, ग्राम भेण्ड्रा निवासी गजपति राम राठिया ने शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2024 में उसकी पैतृक जमीन का सौदा बेलाल अहमद से 7 लाख रुपये में तय हुआ था। आरोपी ने 3.50 लाख रुपये अग्रिम दिए, लेकिन बाद में जमीन खरीदने से इंकार कर रकम वापस मांगने लगा। इसी दौरान उसने परिचय का फायदा उठाकर प्रार्थी की मारुति XL-6 कार ले ली और करीब सात महीने तक अपने कब्जे में रखी। बाद में 2.50 लाख रुपये लौटाने पर उसने कार वापस की, जबकि केवल 1 लाख रुपये का लेन-देन शेष था।

शिकायत के मुताबिक, आरोपी लगातार 10 लाख रुपये की मांग करते हुए परिवार को धमकाता रहा। 6 जुलाई 2026 को कारगिल चौक, घरघोड़ा के पास आरोपी ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जबरन कार की चाबी छीन ली और कार लेकर फरार हो गया।
मामले में थाना घरघोड़ा में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत लूट का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक कुमार गौरव साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी बेलाल अहमद (52), निवासी प्रेमनगर, घरघोड़ा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की लूटी गई मारुति सुजुकी XL-6 कार बरामद कर जब्त कर ली गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने कहा कि लेन-देन के विवाद का समाधान कानून के दायरे में होना चाहिए।
हिंसा और जबरन संपत्ति छीनने जैसे अपराध किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में रायगढ़ पुलिस त्वरित और कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
सीजी क्राइम रिपोर्टर — प्रधान संपादक
