07 जुलाई 2026
सीजी क्राइम रिपोर्टर
न्यायधानी बिलासपुर
बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। संपत्ति अपने नाम कराने की जिद में एक बेटे ने अपने ही पिता के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने लोहे का गंडासा लेकर पिता को दौड़ाया, जिससे उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। सरकंडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कार और लोहे का गंडासा जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार राजकिशोर नगर निवासी प्रकाश केसरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका बड़ा बेटा विवेक केसरी (34 वर्ष) कोई काम नहीं करता और नशे का आदी है। वह आए दिन मारपीट कर परिवार की पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बनाता था।
06 जुलाई 2026 की शाम आरोपी अपनी कार से पिता के घर पहुंचा और संपत्ति को लेकर विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे पिता की पीठ और पसली में चोटें आईं। इतना ही नहीं, आरोपी ने लोहे का गंडासा निकालकर पिता को जान से मारने की नीयत से दौड़ाया। जान बचाने के लिए पीड़ित सड़क पर भागकर छिप गया।
प्रार्थी की शिकायत पर सरकंडा थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 1015/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं एवं आयुध अधिनियम के तहत मामला कायम किया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर बसंत विहार चौक के पास घेराबंदी कर आरोपी विवेक केसरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त फॉक्स कार (क्रमांक CG-10 BP-220) और लोहे का गंडासा जब्त किया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
सीजी क्राइम रिपोर्टर, प्रधान संपादक
